अंबेडकर जयंती पर भीलवाड़ा में उमड़ा सम्मान, प्रतिमा पर पुष्पांजलि से गूंजा समरसता का संदेश

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती पर मंगलवार को शहर में श्रद्धा और सम्मान का माहौल देखने को मिला। रेलवे स्टेशन स्थित अंबेडकर सर्किल पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल, जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने बाबा साहब के विचारों को याद करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस मौके पर वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय के लिए उनके योगदान और भारतीय संविधान निर्माण में उनकी भूमिका को याद किया। जिला कलेक्टर ने कहा कि उनका जीवन समानता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है, जिसे समाज में उतारना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया गया। अंत में सभी ने बाबा साहब को नमन करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।